पिलखुवा के मुख्य बाजार में खुला नाला बना हादसे का खतरा, युवक गिरने का CCTV वीडियो सामने आया।

SHARE:

दिनांक:10/09/2026

रिपोर्ट by: संवादाता इस्तेकार चौधरी

पिलखुवा के मुख्य बाजार में खुला नाला बना हादसे का खतरा, युवक गिरने का CCTV वीडियो सामने आया।

पिलखुवा। हापुड़ जनपद के पिलखुवा क्षेत्र के मुख्य बाजार से राहगीरों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ाने वाली तस्वीर सामने आई है। बाजार में सड़क किनारे खुला पड़ा नाला हादसों को न्योता देता नजर आ रहा है। इसी खुले नाले में एक युवक चलते-चलते अचानक गिर गया। घटना का CCTV फुटेज सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में जिम्मेदार विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर नाराजगी दिखाई दे रही है।जानकारी के मुताबिक युवक बाजार में सड़क किनारे पैदल जा रहा था। इसी दौरान अचानक उसका संतुलन बिगड़ा और वह सड़क किनारे खुले पड़े नाले में जा गिरा। CCTV कैमरे में कैद फुटेज में युवक के नाले में गिरने की पूरी घटना दिखाई दे रही है।युवक के नाले में गिरने के बाद आसपास मौजूद लोगों को घटना की जानकारी हुई। स्थानीय लोगों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर युवक को नाले से बाहर निकालने का प्रयास शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद युवक को सुरक्षित बाहर निकाला गया। समय रहते स्थानीय लोगों की मदद मिलने से बड़ा हादसा टल गया।

स्थानीय लोगों का कहना है कि मुख्य बाजार जैसे भीड़भाड़ वाले इलाके में नाले का खुला होना गंभीर लापरवाही का विषय है। यहां दिनभर बड़ी संख्या में लोग आवाजाही करते हैं। ऐसे में किसी राहगीर के अलावा छोटे बच्चों या बुजुर्गों के नाले में गिरने की आशंका बनी रहती है।लोगों ने संबंधित विभाग से मांग की है कि खुले नाले को तत्काल ढकवाया जाए और बाजार में राहगीरों की सुरक्षा के लिए आवश्यक इंतजाम किए जाएं। स्थानीय लोगों का सवाल है कि आखिर किसी बड़े हादसे के बाद ही जिम्मेदार विभाग की नींद टूटेगी या उससे पहले ही खुले नाले की समस्या का स्थायी समाधान किया जाएगा?फिलहाल युवक के नाले में गिरने का CCTV वीडियो सामने आने के बाद यह मामला एक बार फिर पिलखुवा के मुख्य बाजार में खुले नाले और राहगीरों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहा है।