मेरठ में शादी का जश्न बना मातम: छत से बारात देख रही अक्सा को हर्ष फायरिंग में लगी गोली, दर्दनाक मौत—दूल्हे समेत कई बाराती नामजद।

SHARE:

दिनांक:24/11/2025

रिपोर्ट by: शराफत सैफी 

मेरठ में शादी का जश्न बना मातम: छत से बारात देख रही अक्सा को हर्ष फायरिंग में लगी गोली, दर्दनाक मौत—दूल्हे समेत कई बाराती नामजद 

लिसाड़ी गेट क्षेत्र में देर रात चली गोली से 20 वर्षीय युवती की मौत, पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया।

मेरठ। उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में शादी की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं जब हर्ष फायरिंग से एक 20 वर्षीय युवती की मौत हो गई। घटना लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र के श्याम नगर 20 फूटा रोड की है, जहाँ सोमवार देर रात निकली एक बारात में अचानक फायरिंग शुरू हो गई। उसी समय अपने दादा यासीन के घर की छत पर खड़ी होकर बारात देख रही अक्सा गोली का शिकार हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, भीड़ के बीच किसी ने अचानक फायर कर दिया। गोली सीधे अक्सा के पेट में जा लगी, जिससे वह छत पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़ी। परिजनों ने तुरंत उसे अस्पताल में भर्ती कराया, लेकिन गंभीर चोट के कारण डॉक्टर उसे बचा नहीं पाए। कुछ ही घंटों में अक्सा ने दम तोड़ दिया।घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी और तनाव फैल गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। अक्सा के पिता अरशद ने पुलिस को दी तहरीर में बारात में मौजूद दूल्हे समेत तीन लोगों को नामजद किया है। इसके अलावा 20 से 25 अन्य बारातियों के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज किया गया है।

पुलिस की कार्रवाई
लिसाड़ी गेट पुलिस ने तेजी दिखाते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि बाकी की तलाश जारी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और बारात में हुई फायरिंग के वीडियो व सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।

हर्ष फायरिंग पर उठ रहे सवाल
घटना के बाद लोग सवाल उठा रहे हैं कि खुशी के नाम पर की जाने वाली ये लापरवाही कब रुकेगी। हर साल ऐसे हादसे कई घरों को उजाड़ देते हैं, बावजूद इसके हर्ष फायरिंग की घटनाएँ थम नहीं रही हैं।फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और परिवार न्याय की गुहार लगा रहा है।

स्टार भारत न्यूज़ 24 की रिपोर्ट।

Read More