दिनांक:27/11/2025
रिपोर्ट by: जगदीश माकन
जनपद हापुड़
भाजपा हापुड़ की नई जिला अध्यक्ष बनीं कविता माधरे, कहा—संगठन को नई दिशा देना प्राथमिक लक्ष्य।
हापुड़ भारतीय जनता पार्टी ने हापुड़ जिले में बड़ा संगठनात्मक बदलाव करते हुए कविता माधरे को नया जिला अध्यक्ष नियुक्त किया है। संगठन में लंबे समय से सक्रिय और जमीनी स्तर पर मजबूत पकड़ रखने वाली कविता माधरे की नियुक्ति के बाद जिले में कार्यकर्ताओं में उत्साह देखने को मिल रहा है।

संगठन की मजबूती प्राथमिक लक्ष्य
पार्टी पदाधिकारियों का कहना है कि कविता माधरे का अनुभव और संगठनात्मक समझ हापुड़ भाजपा को नई ऊर्जा देगी। विशेष रूप से महिला कार्यकर्ताओं में उनके नेतृत्व से जोश बढ़ने की उम्मीद है।नियुक्ति के बाद उन्होंने पार्टी नेतृत्व के प्रति आभार जताते हुए कहा कि वे संगठन की नीतियों को मजबूती देने और हापुड़ को संगठनात्मक रूप से शीर्ष स्थान पर ले जाने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करेंगी। साथ ही उन्होंने कहा कि जिले के विकास को नई दिशा देना उनका प्रमुख लक्ष्य रहेगा।

2008 से सक्रिय राजनीति में
कविता माधरे हापुड़ नगर के पटेल नगर की निवासी हैं और उनका परिवार लंबे समय से भाजपा से जुड़ा रहा है। उनके पति मोहन सिंह वर्तमान में भाजपा हापुड़ के जिला महामंत्री के रूप में कार्यरत हैं।उनका राजनीतिक सफर 2008 में भाजपा महिला मोर्चा की शहर उपाध्यक्ष बनने से शुरू हुआ। वर्ष 2012 में वे नगर पालिका चुनाव जीतकर सभासद बनीं और अपने वार्ड में विकास कार्यों के कारण पहचान बनाई।संगठन में बेहतर योगदान को देखते हुए 2016 में उन्हें जिला मंत्री की जिम्मेदारी दी गई। वर्ष 2018 में वे महिला मोर्चा की क्षेत्रीय महामंत्री बनीं और हापुड़ सहित आसपास के जिलों में महिला कार्यकर्ताओं को संगठित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।इसके बाद 2020 में उन्हें संगठन की क्षेत्रीय मंत्री बनाया गया, जहां उन्होंने संगठन विस्तार में विशेष योगदान दिया।

घोषणा होते ही कार्यकर्ताओं में उत्सव
नियुक्ति की घोषणा होते ही देर रात कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं से उनका जोरदार स्वागत किया। पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी और महिला कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे।इस दौरान सांसद प्रतिनिधि अशोक बबली, विनोद गुप्ता, अमित त्यागी, अमित शर्मा, अनिल त्यागी, कुणाल चौधरी, मुदित गोयल सहित कई कार्यकर्ताओं ने शुभकामनाएँ दीं और उम्मीद जताई कि उनके नेतृत्व में संगठन और भी मजबूत होगा।

हापुड़ से स्टार भारत न्यूज़ 24 की रिपोर्ट।




