दिनांक:15/12/2025
रिपोर्ट by: संवादाता आरिफ खान
एडीजी सुजीत पांडेय ने खैराबाद थाने का किया औचक निरीक्षण, सुरक्षा व जनसुनवाई पर दिए सख्त निर्देश।
खैराबाद, सीतापुर लखनऊ जोन के एडीजी सुजीत पांडेय ने खैराबाद थाना पहुंचकर औचक निरीक्षण किया और थाना परिसर सहित पुलिस व्यवस्थाओं की जमीनी हकीकत का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने हिस्ट्रीशीटर रजिस्टर, नवीन बैरक एवं थाना परिसर का गहन अवलोकन किया।एडीजी ने मिशन शक्ति, महिला हेल्प डेस्क तथा कार्यालय से जुड़े विभिन्न रजिस्टरों की भी बारीकी से जांच की। इस दौरान उन्होंने फीडबैक रजिस्टर में दर्ज शिकायतकर्ताओं से संवाद कर पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर उनकी प्रतिक्रिया भी जानी।

निरीक्षण के दौरान एडीजी सुजीत पांडेय ने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि भीषण ठंड को देखते हुए क्षेत्र में रात्रि गश्त को और अधिक प्रभावी बनाया जाए, ताकि अपराधों पर अंकुश लगाया जा सके। साथ ही उन्होंने जनसुनवाई को गंभीरता से लेने और आमजन की शिकायतों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर विशेष जोर दिया।

निरीक्षण के अंत में एडीजी ने थाना प्रभारी को कानून-व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने, अभिलेखों को अद्यतन रखने तथा जनता के साथ बेहतर संवाद स्थापित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।





