दिनांक:30/12/2025
रिपोर्ट by: संवादाता इस्तेकार चौधरी
धौलाना पुलिस की बड़ी कार्रवाई: बिस्कुट फैक्ट्री में जानलेवा हमला करने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार।
हापुड़। जनपद हापुड़ के थाना धौलाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम देहरा स्थित एक बिस्कुट फैक्ट्री में हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने त्वरित और सख्त कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। नुकीले हथियार से युवक पर हमला कर गंभीर रूप से घायल करने की घटना के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों की धरपकड़ की।पुलिस के अनुसार ग्राम देहरा स्थित बिस्कुट फैक्ट्री में समीर नामक युवक पर नुकीले हथियार से जानलेवा हमला किया गया था। इस संबंध में थाना धौलाना पर मुकदमा संख्या 367/25 दर्ज किया गया। मुकदमा दर्ज होने के बाद धौलाना पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान शहजाद, निजामुद्दीन और बबलू के रूप में हुई है। तीनों आरोपी गाजियाबाद जनपद के डासना क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं। पुलिस द्वारा आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और घटना में प्रयुक्त हथियार समेत अन्य साक्ष्यों के संबंध में जांच की जा रही है।इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक अश्वनी कुमार, राहुल यादव तथा हेड कांस्टेबल राजेश कुमार शामिल रहे। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि तीनों आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है और मामले की जांच आगे भी जारी है।

पुलिस का कहना है कि जनपद में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त रवैया अपनाया जाएगा और अपराधियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।





