दिनांक:04/01/2026
संडीला में नवविवाहिता की संदिग्ध मौत का खुलासा, दहेज हत्या के आरोप में पति गिरफ्तार।
लोकेशन: तहसील संडीला
रिपोर्ट by: संवादाता सूरज गुप्ता
हरदोई जनपद के तहसील संडीला क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां थाना संडीला क्षेत्र के ककराली भरिगहना गांव में एक नवविवाहिता की संदिग्ध मौत के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। यह मामला दहेज हत्या से जुड़ा बताया जा रहा है। संडीला पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य अभियुक्त पति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।पुलिस के अनुसार ककराली गांव निवासी सौरभ मौर्य पर आरोप है कि उसने दहेज की मांग को लेकर अपनी पत्नी को लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया। मृतका के पिता सदानंद, निवासी लखनऊ, द्वारा थाना संडीला में दी गई तहरीर के आधार पर मामला दर्ज किया गया था। तहरीर में आरोप लगाया गया कि शादी के बाद से ही सौरभ मौर्य और उसके अन्य परिजन दहेज की मांग को लेकर महिला को परेशान कर रहे थे।

आरोप है कि दहेज की मांग पूरी न होने पर आरोपी पति ने महिला के साथ मारपीट की और अंततः उसे फांसी पर लटकाकर उसकी हत्या कर दी। घटना के बाद से ही पुलिस इस मामले की गंभीरता से जांच कर रही थी। साक्ष्यों और जांच के आधार पर पुलिस ने नामजद अभियुक्त सौरभ मौर्य को गिरफ्तार कर लिया।इस संबंध में संडीला कोतवाल विद्या सागर पाल ने बताया कि आरोपी पति को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। उन्होंने यह भी बताया कि मामले में नामजद अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

पुलिस का कहना है कि मामले में सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है और जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। इस घटना के बाद से गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है, वहीं पुलिस प्रशासन द्वारा कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सतर्कता बरती जा रही है।फिलहाल संडीला पुलिस द्वारा मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है और अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।





