टोंडरपुर की ग्राम पंचायत उमरौली में लाखों की गड़बड़ी का आरोप, स्वच्छता व पेयजल व्यवस्था पूरी तरह फेल।

SHARE:

दिनांक:06/01/2026

रिपोर्ट by: क्राइम ब्यूरो चीफ़ पुनीत कुमार शुक्ला

टोंडरपुर की ग्राम पंचायत उमरौली में लाखों की गड़बड़ी का आरोप, स्वच्छता व पेयजल व्यवस्था पूरी तरह फेल।

टोंडरपुर/हरदोई विकासखंड टोंडरपुर क्षेत्र की ग्राम पंचायत उमरौली में कूड़ा गाड़ी संचालन और अन्य विकास कार्यों के नाम पर लाखों रुपये की गड़बड़ी का मामला सामने आया है। ग्रामीणों ने पंचायत पर गंभीर आरोप लगाते हुए जांच की मांग की है। आरोप है कि कागजों में कार्य पूरे दिखाकर सरकारी धन का भुगतान करा लिया गया, जबकि जमीनी स्तर पर सुविधाएं नदारद हैं।

ग्रामीणों का कहना है कि ग्राम पंचायत में न तो कूड़ा उठाने वाली गाड़ी कभी दिखाई दी और न ही स्वच्छता व्यवस्था सुचारु रूप से संचालित हो रही है। गांव में जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे हुए हैं, जिससे गंदगी फैल रही है और संक्रामक बीमारियों का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है।पेयजल व्यवस्था की स्थिति भी बेहद खराब बताई जा रही है। कई हैंडपंप महीनों से खराब पड़े हैं, लेकिन उनकी मरम्मत नहीं कराई गई। ग्रामीणों को दूषित पानी पीने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। लोगों का आरोप है कि हैंडपंप मरम्मत, स्वच्छता और कूड़ा निस्तारण के नाम पर कागजों में लाखों रुपये खर्च दिखाए गए हैं, जबकि हकीकत इससे बिल्कुल अलग है।

ग्रामीणों ने यह भी कहा कि स्वच्छ भारत मिशन और जल जीवन मिशन जैसी महत्वपूर्ण सरकारी योजनाएं ग्राम पंचायत उमरौली में सिर्फ कागजों तक सीमित होकर रह गई हैं। योजनाओं का लाभ आम जनता तक नहीं पहुंच पा रहा है, जिससे ग्रामीणों में भारी नाराजगी है।इस मामले में ग्राम पंचायत में तैनात सफाई कर्मचारी सुनील कुमार ने बताया कि उन्होंने गांव में कूड़ा गाड़ी तो नहीं देखी है, लेकिन लगभग 7 हजार रुपये कीमत की एक ठेलिया जरूर मौजूद है। उनके इस बयान से भी कूड़ा गाड़ी संचालन को लेकर उठ रहे सवाल और गहरे हो गए हैं।

अब बड़ा सवाल यह है कि जब स्वच्छता और पेयजल से जुड़ी योजनाओं के लिए बजट स्वीकृत है, तो फिर सुविधाएं जमीन पर क्यों नजर नहीं आ रहीं? क्या संबंधित विभाग और उच्च अधिकारी ग्राम पंचायत की इस कथित लापरवाही और गड़बड़ी पर संज्ञान लेंगे, या ग्रामीणों को यूं ही मूलभूत सुविधाओं से वंचित रहना पड़ेगा—यह देखने वाली बात होगी।ग्रामीणों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Read More