धौलाना रोड पर भीषण सड़क हादसा: दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर, युवक की मौत, दूसरा चालक फरार।

SHARE:

दिनांक:03/02/2026

रिपोर्ट by: संवादाता इस्तेकार चौधरी 

धौलाना रोड पर भीषण सड़क हादसा: दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर, युवक की मौत, दूसरा चालक फरार।

जनपद हापुड़।थाना पिलखुवा क्षेत्र अंतर्गत धौलाना रोड पर सोमवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। शाम करीब 7 बजे नायका कंपनी के पास मोड़ पर दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने टक्कर हो गई। इस हादसे में एक युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि दूसरी बाइक का चालक मौके से फरार हो गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मोटरसाइकिल पर अरमान पुत्र उस्मान निवासी ग्राम सिखेड़ा, थाना पिलखुवा, जनपद हापुड़ के साथ उसका बुआ का लड़का उवेश ठाकुर पुत्र राशिद ठाकुर निवासी ग्राम रोहदा, थाना खुर्जा, जिला बुलंदशहर (उम्र करीब 23 वर्ष) सवार था। जैसे ही उनकी बाइक नायका कंपनी के पास मोड़ पर पहुंची, सामने से आ रही दूसरी बाइक से जोरदार टक्कर हो गई।टक्कर इतनी भीषण थी कि उवेश ठाकुर के सिर में गंभीर चोटें आईं और वह मौके पर ही अचेत हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को तत्काल रामा हॉस्पिटल पिलखुवा भिजवाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

हादसे के बाद दूसरी मोटरसाइकिल का चालक बाइक समेत मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मृतक के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।पुलिस का कहना है कि फरार बाइक चालक की तलाश के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपी को पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है।