हापुड़ में जेएमएस ग्रुप का वार्षिक उत्सव “शंखनाद-2K26” भव्य अंदाज़ में संपन्न, छात्रों ने संस्कृति और प्रतिभा का किया शानदार प्रदर्शन

SHARE:

दिनांक:05/04/2026

रिपोर्ट by: संवाददाता शराफत सैफी

हापुड़ में जेएमएस ग्रुप का वार्षिक उत्सव “शंखनाद-2K26” भव्य अंदाज़ में संपन्न, छात्रों ने संस्कृति और प्रतिभा का किया शानदार प्रदर्शन

हापुड़। शहर के प्रतिष्ठित जे०एम०एस० ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस में शनिवार को वार्षिक सांस्कृतिक उत्सव “शंखनाद-2K26” का आयोजन अत्यंत भव्य और उत्साहपूर्ण माहौल में किया गया। इस आयोजन में छात्र-छात्राओं ने अपनी प्रतिभा, रचनात्मकता और सांस्कृतिक समृद्धि का ऐसा संगम प्रस्तुत किया, जिसने पूरे परिसर को उत्सवमय बना दिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ संस्थान के फाउंडर चेयरमैन राकेश सिंघल द्वारा मुख्य अतिथि के रूप में किया गया। उनके साथ विशिष्ट अतिथि के रूप में वाइस चेयरमैन डॉ. हिमांशु सिंघल, सचिव डॉ. रोहन सिंघल, मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ. आयुष सिंघल, श्रीमती शगुन सिंघल, महानिदेशक प्रो. (डॉ.) सुभाष गौतम, जेएमएस वर्ल्ड स्कूल की प्रधानाचार्या डॉ. निधि मलिक सहित संस्थान के प्राचार्य, संकायाध्यक्ष और विभागाध्यक्ष मौजूद रहे। सभी अतिथियों ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की औपचारिक शुरुआत की।

इस अवसर पर मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ. आयुष सिंघल ने कहा कि “शंखनाद-2K26” का उद्देश्य छात्रों को खुशी, शांति और सद्भाव के साथ अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ना है। उन्होंने बताया कि इस तरह के आयोजन विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और उन्हें अपनी छिपी हुई प्रतिभाओं को मंच देने का अवसर प्रदान करते हैं।सचिव डॉ. रोहन सिंघल ने संस्थान की शैक्षणिक और सह-शैक्षणिक गतिविधियों की सराहना करते हुए कहा कि महानिदेशक प्रो. (डॉ.) सुभाष गौतम के मार्गदर्शन में छात्रों को अपनी रचनात्मकता दिखाने के लिए एक सशक्त मंच मिला है।

उत्सव में विभिन्न क्लबों द्वारा प्रस्तुत थीम आधारित कार्यक्रमों ने दर्शकों का मन मोह लिया। मैडिकल क्लब ने “नारी एक रूप अनेक” के माध्यम से महिलाओं के विविध रूपों को सशक्त ढंग से प्रस्तुत किया। प्रोफेशनल क्लब की “मां शक्ति डिवाइन देवी” थीम ने भक्ति और शक्ति का अनूठा समन्वय दिखाया। मैनेजमेंट क्लब ने पौराणिक कथाओं को जीवंत कर दर्शकों को इतिहास से जोड़ दिया। साइंस क्लब ने “नारी शक्ति” के माध्यम से विज्ञान क्षेत्र में महिलाओं के योगदान को दर्शाया, वहीं ट्रेडिशनल क्लब के “सिने कार्निवल” ने भारतीय सिनेमा की यात्रा को आकर्षक रूप में प्रस्तुत किया। टेक्निकल क्लब की “ऑपरेशन सिन्दूर” थीम ने सामाजिक सरोकारों से जुड़ा एक संवेदनशील संदेश दिया।

इसके अलावा कार्यक्रम में संगीत, नृत्य, नाटक, स्किट, कॉमेडी और फैशन शो जैसी प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया, जिनमें छात्रों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।कार्यक्रम के अंत में निर्णायक मंडल—कंचन शर्मा, शीतल शर्मा और रूपसी शर्मा—द्वारा निष्पक्ष मूल्यांकन के आधार पर विजेताओं की घोषणा की गई। प्रतियोगिता में प्रोफेशनल और मैनेजमेंट क्लब को संयुक्त रूप से प्रथम स्थान, टेक्निकल क्लब को द्वितीय और साइंस क्लब को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ। विजेताओं को ट्रॉफी, प्रमाण पत्र, स्मृति चिन्ह और नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

समापन अवसर पर फाउंडर चेयरमैन राकेश सिंघल ने पूरे जेएमएस परिवार और अभिभावकों को सफल आयोजन के लिए बधाई दी और कहा कि संस्थान एक परिवार की तरह कार्य करता है, जहां सभी की मेहनत से ही ऐसे भव्य कार्यक्रम संभव हो पाते हैं। वहीं महानिदेशक प्रो. (डॉ.) सुभाष गौतम ने सभी अतिथियों, शिक्षकों, अधिकारियों और कर्मचारियों का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम के सफल समापन की घोषणा की।

कार्यक्रम का संचालन डॉ. प्रीति शर्मा द्वारा प्रभावी ढंग से किया गया, जबकि आयोजन को सफल बनाने में जेएमएस ग्रुप की कल्चरल समिति का विशेष योगदान रहा। “शंखनाद-2K26” ने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि शिक्षा के साथ-साथ सांस्कृतिक गतिविधियां भी छात्रों के व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

Read More