दिनांक:09/05/2026
रिपोर्ट by: संवादाता कमलेश कुमार
हरदोई के खानपुर नगला में नवदिवसीय रुद्र महायज्ञ और शिव प्राण प्रतिष्ठा का भव्य शुभारंभ, भक्तिमय माहौल से गूंजा क्षेत्र।
हरदोई जनपद के शाहाबाद क्षेत्र स्थित खानपुर नगला गांव में नवदिवसीय श्री रुद्र महायज्ञ, शिव परिवार प्राण प्रतिष्ठा एवं संगीतमय श्रीमद् भागवत महापुराण कथा का शुभारंभ श्रद्धा, भक्ति और वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच भव्य रूप से किया गया। धार्मिक आयोजन की शुरुआत भव्य कलश यात्रा के साथ हुई, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाओं, युवतियों और श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पूरे गांव में भक्तिमय वातावरण देखने को मिला और जयकारों से क्षेत्र गुंजायमान हो उठा।यज्ञाचार्यों द्वारा विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना कर यज्ञ मंडप में अग्नि प्रज्ज्वलित की गई। आयोजन स्थल पर भगवान शिव परिवार की प्राण प्रतिष्ठा भी श्रद्धापूर्वक संपन्न कराई गई। इसके साथ ही प्रतिदिन संगीतमय श्रीमद् भागवत महापुराण कथा का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें कथा व्यास द्वारा भगवान श्रीकृष्ण की दिव्य लीलाओं, सनातन संस्कृति एवं धर्म के महत्व का भावपूर्ण वर्णन किया जा रहा है। कथा श्रवण के लिए दूर-दराज क्षेत्रों से भी श्रद्धालु पहुंच रहे हैं।धार्मिक आयोजन को लेकर पूरे क्षेत्र में आध्यात्मिक और भक्तिमय माहौल बना हुआ है। श्रद्धालु यज्ञ स्थल की परिक्रमा कर परिवार, समाज और क्षेत्र की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना कर रहे हैं। आयोजन समिति द्वारा श्रद्धालुओं के लिए भंडारे और प्रसाद वितरण की विशेष व्यवस्था भी की गई है। समिति के सदस्यों ने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर धर्म लाभ लेने की अपील की है। कार्यक्रम के अंतिम दिन पूर्णाहुति एवं विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा।इस अवसर पर यज्ञाचार्य पूज्य गुरुदेव भगवान आचार्य बृजकिशोर दीक्षित महाराज, आचार्य सज्जन द्विवेदी, आचार्य आशीष पांडेय, आचार्य कुलदीप तिवारी, अखिल भारतीय परशुराम परिषद के आचार्य श्याम तिवारी, विश्व हिन्दू शक्ति भारत संगठन उत्तर प्रदेश के प्रदेश मंत्री एवं गौ रक्षा प्रमुख आचार्य पंडित श्याम पांडेय सहित अनेक गणमान्य लोग और श्रद्धालु उपस्थित रहे।
![]()




स्टार भारत न्यूज़ 24 की रिपोर्ट।




