दिनांक:29/08/2026
रिपोर्ट by: संवादाता शराफत सैफी
राष्ट्रीय खेल दिवस पर जेएमएस वर्ल्ड स्कूल में जिला स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं का भव्य आयोजन, खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम।
हापुड़। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर जिला खेल कार्यालय, हापुड़ द्वारा जेएमएस वर्ल्ड स्कूल में जिला स्तरीय कबड्डी, हॉकी और एथलेटिक्स प्रतियोगिताओं का आयोजन उत्साह और खेल भावना के साथ किया गया। प्रतियोगिता में जनपद के विभिन्न विद्यालयों से पहुंचे छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अलग-अलग खेल स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। पूरे आयोजन के दौरान मैदान खिलाड़ियों के जोश, उत्साह और प्रतिस्पर्धात्मक भावना से सराबोर नजर आया।कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि भाजपा जिला अध्यक्ष कविता मांद्रे, पूर्व भाजपा महामंत्री मोहन सिंह, हॉकी सचिव एवं युवा मोर्चा भाजपा प्रिंस पंडित, जेएमएस निर्देशक डॉ. आयुष सिंघल, सचिव डॉ. रोहन सिंघल, खो-खो सचिव रविंद्र गुर्जर, क्रीड़ा भारती सचिव एवं जिला व्यायाम शिक्षक मनप्रीत खैरा तथा जेएमएस वर्ल्ड स्कूल की प्रधानाचार्य डॉ. निधि मलिक ने हॉकी के महान खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया।इस अवसर पर जिला क्रीड़ा अधिकारी अरुणा सिरोही ने अतिथियों का प्रतीक चिह्न भेंट कर स्वागत किया। कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए उन्हें खेलों में निरंतर आगे बढ़ने और अनुशासन, मेहनत तथा खेल भावना को जीवन का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया।

प्रतियोगिता में कबड्डी में कुल 8 टीमों ने प्रतिभाग किया, जबकि हॉकी में 5 टीमों ने हिस्सा लिया। एथलेटिक्स प्रतियोगिताओं में करीब 125 विद्यार्थियों ने विभिन्न स्पर्धाओं में भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। खिलाड़ियों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिली और विभिन्न स्पर्धाओं में प्रतिभागियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।मुख्य अतिथि कविता मांद्रे ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि मेजर ध्यानचंद ने ऐसे समय में देश को खेलों के क्षेत्र में विश्व स्तर पर पहचान दिलाई, जब आज की तरह सुविधाएं और संसाधन उपलब्ध नहीं थे। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में खिलाड़ियों को बेहतर अवसर और सुविधाएं उपलब्ध कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। ऐसे में युवाओं को भी पूरी मेहनत, लगन और खेल भावना के साथ मैदान में उतरकर देश का गौरव बढ़ाने का प्रयास करना चाहिए।

एथलेटिक्स में खिलाड़ियों ने जीते पदक
बालक वर्ग की गोला फेंक प्रतियोगिता में पार्थ ने पहला, नकाश ने दूसरा और शारिक ने तीसरा स्थान हासिल किया। 100 मीटर दौड़ में जतिन प्रथम, दिवेश द्वितीय और अनमोल रावत तृतीय रहे। 1500 मीटर दौड़ में अभिषेक कुमार ने प्रथम, दक्ष ने द्वितीय और संगीत ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।200 मीटर दौड़ में जय प्रथम, दीपांशु द्वितीय और जतिन तृतीय रहे। 400 मीटर दौड़ में दीपांशु ने पहला, मयंक कुमार ने दूसरा और अभय तोमर ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। 800 मीटर दौड़ में मयंक कुमार प्रथम, विनीत कुमार द्वितीय और कन्हैया तृतीय रहे। लंबी कूद में जय ने प्रथम, समीर ने द्वितीय और आयुष तोमर ने तृतीय स्थान हासिल किया।बालिका वर्ग में लंबी कूद स्पर्धा में आफिया प्रथम, रुकैया द्वितीय और परी चौधरी तृतीय रहीं। 100 मीटर दौड़ में ऋषि ने पहला, रितिका ने दूसरा और विधि ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। गोला फेंक में काकुल प्रथम, अवनी द्वितीय और वंशिका तृतीय रहीं।400 मीटर दौड़ में पलक ने प्रथम, रुकैया ने द्वितीय और अनुष्का नागर ने तृतीय स्थान हासिल किया। 200 मीटर दौड़ में शशि प्रथम, छवि धैया द्वितीय और आफिया तृतीय रहीं। 800 मीटर दौड़ में प्रियंशी ने पहला, तनिषा ने दूसरा और अनुष्का ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। वहीं 1500 मीटर दौड़ में तनुष्का प्रथम और चेल्सी द्वितीय स्थान पर रहीं।

टीम स्पर्धाओं में भी खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन
टीम स्पर्धाओं में बालक वर्ग की कबड्डी प्रतियोगिता में जे.पी.एस. की टीम विजेता रही, जबकि बेसिक शिक्षा हापुड़ की टीम ने उपविजेता का स्थान हासिल किया। बालिका वर्ग की हॉकी प्रतियोगिता में जेएमएस की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता का खिताब अपने नाम किया। बेसिक शिक्षा हापुड़ की टीम उपविजेता रही।प्रतियोगिताओं के समापन अवसर पर जिला महामंत्री भाजपा कपिल एसएमजी, मेरठ-हापुड़ लोकसभा सांसद प्रतिनिधि अशोक बबली, हॉकी सचिव एवं युवा मोर्चा भाजपा प्रिंस पंडित तथा जेएमएस स्पोर्ट्स निदेशक दीपांशु गर्ग ने विजेता और उपविजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। खिलाड़ियों को उनकी उपलब्धि के लिए बधाई देते हुए अतिथियों ने भविष्य में भी इसी तरह मेहनत और अनुशासन के साथ खेलों में आगे बढ़ने का आह्वान किया।

आयोजन में निर्णायक एवं खेल संचालन से जुड़े जिला व्यायाम शिक्षकों और अन्य सहयोगियों की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही। प्रतियोगिता में आशा, जयश्री, लक्ष्मी, सरिता, सतेंद्र, अजय, ललित, उपेंद्र, सुबोध, रजनी, मीनू, लोकेश, मुर्शिद, विनोद, तनवीर, गीता त्यागी, अमित प्रताप, अंकुर पूनिया, अंकित, अर्जुन त्यागी, सचिन, नितिन, अनिल सहित विभिन्न खेलों से जुड़े निर्णायक एवं प्रतिभागी मौजूद रहे।राष्ट्रीय खेल दिवस पर आयोजित इस जिला स्तरीय प्रतियोगिता ने विद्यार्थियों को अपनी खेल प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ प्रतिस्पर्धा, अनुशासन, टीम भावना और आत्मविश्वास का अनुभव भी कराया। आयोजन का समापन खेल भावना और देशप्रेम की भावना के साथ हुआ। जिला खेल कार्यालय हापुड़ तथा जेएमएस वर्ल्ड स्कूल के इस संयुक्त आयोजन ने जिले के युवा खिलाड़ियों को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने और उनकी प्रतिभा को मंच प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।





