धौलाना में युवक का 11 मिनट का लाइव वीडियो वायरल पारिवारिक विवाद और मानसिक तनाव का किया खुलासा।

SHARE:

दिनांक:08/12/2025

रिपोर्ट by: इस्तेकार चौधरी 

धौलाना में युवक का 11 मिनट का लाइव वीडियो वायरल पारिवारिक विवाद और मानसिक तनाव का किया खुलासा।

धौलाना (हापुड़)।

उत्तर प्रदेश के जनपद हापुड़ के धौलाना थाना क्षेत्र में एक युवक द्वारा सोशल मीडिया पर किया गया लगभग 11 मिनट का लाइव वीडियो तेजी से वायरल हो गया। इस वायरल वीडियो ने पूरे क्षेत्र में हड़कंप मचा दिया है। वीडियो में युवक अपने पारिवारिक विवादों और मानसिक तनाव को लेकर भावुक होता नजर आ रहा है।वीडियो की शुरुआत में युवक अपने कमरे में बैठकर कैमरे के सामने परिवार से नाराजगी व्यक्त करता है और साफ तौर पर कहता है कि वह मानसिक रूप से बेहद परेशान है। लाइव के दौरान वह बार-बार यह भी कहता है कि उसकी हालत के लिए किसी को जिम्मेदार न ठहराया जाए।

लाइव वीडियो में यह भी देखा गया कि बातचीत के दौरान उसके परिजन कमरे में पहुंचते हैं और उसे समझाने का प्रयास करते हैं। लेकिन युवक लगातार यह आग्रह करता है कि वह लाइव है और उसके परिवार पर कोई आरोप न लगे, इसलिए वे कमरे से बाहर चले जाएं। परिजन उसकी बात मानकर कमरे से बाहर भी चले जाते हैं।सूत्रों के अनुसार, लाइव खत्म होने के तुरंत बाद परिजनों ने समय रहते हस्तक्षेप किया और युवक को गंभीर स्थिति में अस्पताल में भर्ती कराया। वर्तमान में उसका उपचार जारी है।

घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। पुलिस भी मामले की जानकारी जुटा रही है और वीडियो की वास्तविकता एवं परिस्थितियों की जांच कर रही है। साथ ही, पुलिस ने लोगों से अपील की है कि ऐसे संवेदनशील वीडियो को वायरल न करें और अफवाह फैलाने से बचें।