दिनांक:08/12/2025
रिपोर्ट by: इस्तेकार चौधरी
दिल्ली-लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग पर भीषण हादसा: ईको कार और ट्रक की टक्कर, चार लोग गंभीर रूप से घायल।
पिलखुआ (हापुड़)।
जनपद हापुड़ के पिलखुआ कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार सुबह दिल्ली-लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग पर पिलखुवा फ्लाईओवर के ऊपर एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। एक ईको कार और ट्रक के बीच ओवरटेक के दौरान हुई भिड़ंत में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे ने मौके पर अफरा-तफरी मचा दी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शाहनवाज अपने परिवार के साथ ईको कार में सवार होकर जनपद गाजियाबाद थाना मसूरी क्षेत्र के गांव नाहल में रिश्तेदारों से मिलने जा रहे थे। जैसे ही कार पिलखुवा फ्लाईओवर पर पहुंची, तभी ओवरटेक के दौरान कार की ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि ईको कार अनियंत्रित होकर पलट गई।

हादसे में जनपद हापुड़ के गांव सलाई निवासी शाहनवाज की मां फैय्याजी, बहन फरहाना, भाई नन्हे और गुड़गांव निवासी हेमंत गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

दुर्घटना के बाद हाईवे पर कुछ समय के लिए जाम की स्थिति बन गई। पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाया और यातायात को सुचारू रूप से बहाल कराया।पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हादसे के सटीक कारणों का पता लगाने में जुटी है।
स्टार भारत न्यूज़ 24 की रिपोर्ट।




