दिनांक:11/12/2025
रिपोर्ट by: विष्णुकांत बाजपेई जिला संवादाता
हरदोई से बड़ी खबर बैंक मैनेजर ने युवक को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा पीड़ित ने एसपी से लगाई न्याय की गुहार।
पाली, हरदोई। पाली कस्बे में आर्यावर्त बैंक की शाखा के मैनेजर पर युवक से मारपीट और पीड़ित के घर में घुसकर अभद्रता करने के गंभीर आरोप लगे हैं। कार्रवाई न होने पर पीड़ित पक्ष ने गुरुवार को पुलिस अधीक्षक हरदोई से शिकायत कर दोषियों पर एफआईआर दर्ज कराने की मांग की है।

मोहल्ला बिरहाना निवासी शिवकांत वाजपेई ने एसपी को दिए प्रार्थना पत्र में कहा कि बुधवार दोपहर उनका बेटा ऋषभ अपने भाई राजन के साथ वित्तीय कार्य के लिए आर्यावर्त बैंक गया था। आरोप है कि बैंक मैनेजर रवि अवस्थी ने नशे में दोनों भाइयों को गाली-गलौज की। विवाद बढ़ने पर राजन घर लौट आया जबकि ऋषभ बैंक से बाहर निकलकर बाजार की ओर चला गया। शिवकांत का आरोप है कि कुछ ही देर बाद मैनेजर रवि अवस्थी अपने तीन साथियों के साथ बाजार पहुंचे और ऋषभ को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। पीड़ित परिवार का दावा है कि मारपीट की यह घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद है।

और फुटेज उनके पास सुरक्षित हैं। पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया कि मारपीट के बाद मैनेजर अपने बुलाए हुए लोगों के साथ उनके घर में घुस आया और महिलाओं से अभद्रता की। पीड़ित ने घटना की तहरीर थाने में दी, लेकिन पुलिस ने कार्रवाई करने के बजाय ऋषभ को ही थाने में बंद कर दिया और गुरुवार को उसका शांति भंग में चालान कर दिया। शिवकांत वाजपेई ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए एसपी से निष्पक्ष जांच कर बैंक मैनेजर व साथियों पर एफआईआर दर्ज कराने की मांग की है। वहीं सामने आए सीसीटीवी फुटेज में कुछ लोग ऋषभ वाजपेई को दौड़ाते और उसके घर के दरवाजे पर मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। पीड़ित पक्ष का कहना है कि यह फुटेज उनकी शिकायत को सही साबित करता है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रार्थना पत्र मिला है और जांच की जा रही है, जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।




