दिनांक:15/12/2025
रिपोर्ट by: संवादाता सूरज गुप्ता
संडीला/हरदोई किन्हौटी माइनर में जेसीबी से मानकविहीन कार्य, मिलीभगत के आरोप।
संडीला/हरदोई नहर विभाग में तैनात कर्मचारियों की कथित मिलीभगत से एक ठेकेदार को लाभ पहुंचाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि किन्हौटी माइनर में प्रतापपुर की पुलिया से भगत खेड़ा तक निर्धारित मानकों को दरकिनार कर जेसीबी मशीन से कार्य कराया जा रहा है, जबकि नियमों के अनुसार यह कार्य लेबरों से कराया जाना चाहिए।स्थानीय लोगों का कहना है कि माइनर की सफाई और खुदाई के नाम पर लगातार जेसीबी का उपयोग किया जा रहा है। इससे न केवल विभागीय नियमों का उल्लंघन हो रहा है, बल्कि माइनर की संरचना को भी नुकसान पहुंचने की आशंका बनी हुई है। ग्रामीणों के अनुसार जेसीबी से की जा रही अनियंत्रित खुदाई के कारण माइनर के किनारों में कटाव हो रहा है और जलप्रवाह भी प्रभावित हो रहा है।

किसानों और ग्रामीणों ने चिंता जताते हुए कहा कि यदि समय रहते इस मानकविहीन कार्य पर रोक नहीं लगाई गई तो भविष्य में सिंचाई व्यवस्था पर प्रतिकूल असर पड़ सकता है। साथ ही, उन्होंने इस पूरे मामले में संबंधित अधिकारियों की भूमिका पर भी सवाल खड़े किए हैं।

स्थानीय लोगों ने उच्चाधिकारियों से मामले की निष्पक्ष जांच कराने, दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और विभागीय मानकों के अनुरूप कार्य सुनिश्चित कराने की मांग की है।

स्टार भारत न्यूज़ 24 की रिपोर्ट।




