दिनांक:17/12/2025
रिपोर्ट by: संवादाता सूरज गुप्ता
संडीला में वन विभाग कर्मचारी की बाइक चोरी, पुलिस ने दर्ज की एफआईआर।
संडीला/हरदोई क्षेत्र में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला वन विभाग से जुड़ा सामने आया है, जहां वन विभाग रेंज में तैनात बीट प्रभारी सोम एवं मल्हेरा चौकीदार रामखेलावन की मोटरसाइकिल अज्ञात चोरों द्वारा चोरी कर ली गई।प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 14 दिसंबर 2025 को शाम लगभग 6 बजे गश्त के दौरान दोनों वन विभाग कर्मी अपनी मोटरसाइकिल संख्या UP30 AJ 6679 को इमलियाबाग तिराहा स्थित आरामिल गेट के पास खड़ा कर थोड़ी देर के लिए अंदर गए थे। बताया जा रहा है कि करीब 10 मिनट बाद जब वे बाहर लौटे तो मौके से मोटरसाइकिल गायब मिली।

पीड़ित कर्मचारियों ने आसपास मौजूद लोगों से बाइक के संबंध में पूछताछ की, लेकिन कोई भी व्यक्ति कोई ठोस जानकारी नहीं दे सका। इसके बाद उन्होंने संडीला कोतवाली में प्रार्थना पत्र देकर बाइक चोरी की घटना से अवगत कराते हुए अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की मांग की।

संडीला पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच सहित अन्य बिंदुओं पर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही चोरी की घटना का खुलासा कर लिया जाएगा।

स्टार भारत न्यूज़ 24 की रिपोर्ट।




