हरपालपुर हरदोई में जमीनी विवाद में दबंगों का कहर, घर में घुसकर की मारपीट, तमंचे से फायरिंग का आरोप।

SHARE:

दिनांक:17/12/2025

रिपोर्ट by: संवादाता अभिषेक त्रिवेदी 

जमीनी विवाद में दबंगों का कहर, घर में घुसकर की मारपीट, तमंचे से फायरिंग का आरोप।

हरपालपुर थाना क्षेत्र के बड़ा गांव में जमीनी विवाद को लेकर दबंगों द्वारा घर में घुसकर मारपीट करने और तमंचे से फायरिंग करने का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।जानकारी के अनुसार बड़ा गांव निवासी देवेंद्र कुमार पुत्र सुधाकर ने थाना पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि बीती रात वह अपने घर पर अपने चचेरे भाई साजन पुत्र दिवाकर और चाची सुनीता के साथ मौजूद था। इसी दौरान गांव के ही रहने वाले अनिल, तिलकेंद्र, नितिन पुत्रगण राम सुरेश तथा ऋषभ पुत्र अनिल अचानक हाथों में लाठी-डंडे और तमंचा लेकर घर में घुस आए।

आरोप है कि आरोपियों ने घर में घुसते ही गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। विरोध करने पर सभी ने मिलकर पीड़ित और उसके परिजनों को बेरहमी से पीटा। पीड़ित का यह भी आरोप है कि मारपीट के दौरान दबंगों ने तमंचे से फायरिंग भी की, जिससे गांव में दहशत फैल गई।घटना को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। पीड़ित देवेंद्र कुमार ने थाना पुलिस को तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

थाना पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। तहरीर के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है।

Read More