दिनांक:17/12/2025
रिपोर्ट by: संवादाता इस्तेकार चौधरी
पिलखुवा में विवाहिता की गोली मारकर हत्या, शव सड़क पर रखकर परिजनों ने हंगामा किया था, हाईवे जाम कर दिया था।
जनपद हापुड़ के पिलखुवा क्षेत्र से एक बड़ी और सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां 26 वर्षीय विवाहिता की उसके ससुराल में गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों ने सड़क पर शव रखकर जमकर हंगामा किया और हाईवे जाम कर दिया, जिससे कुछ समय के लिए यातायात पूरी तरह बाधित हो गया।यह मामला थाना पिलखुवा कोतवाली क्षेत्र के न्यू आर्य नगर का है। जानकारी के अनुसार न्यू आर्य नगर निवासी 26 वर्षीय बबली की उसके ससुराल में तमंचे से गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मृतका के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए हत्या का मामला दर्ज कर कड़ी धाराएं लगाए जाने की मांग की। परिजनों का आरोप है कि बबली की हत्या साजिश के तहत की गई है।घटना से नाराज परिजनों ने पिलखुवा की एलिवेटेड रोड के नीचे हाईवे जाम कर दिया और जोरदार प्रदर्शन किया। हंगामे के चलते सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सूचना मिलने पर पुलिस बल के साथ प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और परिजनों को समझा-बुझाकर स्थिति को नियंत्रित किया।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल क्षेत्र में पुलिस बल तैनात है और हालात सामान्य बने हुए हैं।





