शाहाबाद (हरदोई) | नगर में बंदरों के आतंक से राहत, 94 बंदर पकड़कर गोला के जंगलों में छोड़े गए।

SHARE:

दिनांक:19/12/2025

रिपोर्ट by: क्राइम ब्यूरो चीफ़ पुनीत कुमार शुक्ला 

शाहाबाद (हरदोई) | नगर में बंदरों के आतंक से राहत, 94 बंदर पकड़कर गोला के जंगलों में छोड़े गए।

शाहाबाद, हरदोई।नगर क्षेत्र में लंबे समय से बंदरों के बढ़ते आतंक से परेशान लोगों को शुक्रवार को बड़ी राहत मिली। नगर पालिका परिषद द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत मथुरा से आई बंदर पकड़ने वाली टीम ने बजरिया मोहल्ले में जाल लगाकर 94 बंदरों को सुरक्षित रूप से पकड़ा और उन्हें गोला गोकर्णनाथ के जंगलों में छोड़ दिया।

यह अभियान शुक्रवार सुबह करीब 8 बजे शुरू हुआ और दोपहर 1 बजे तक चला। नगर पालिका कर्मचारियों की निगरानी में मथुरा से आई विशेषज्ञ टीम द्वारा पूरे सुनियोजित तरीके से बंदरों को पकड़ा गया। अभियान के दौरान पालिका कर्मचारी रंजीत सिंह की देखरेख में कार्य किया गया।नगर में पिछले काफी समय से बंदरों की संख्या लगातार बढ़ रही थी, जिससे आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। बंदरों के हमलों में महिलाएं, बच्चे, बुजुर्ग और राहगीर घायल हो चुके थे। कई स्थानों पर बंदरों द्वारा घरों में घुसकर सामान नुकसान पहुंचाने की भी शिकायतें सामने आई थीं।

जनता की लगातार शिकायतों और अपील को गंभीरता से लेते हुए नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी द्वारा मथुरा से अनुभवी टीम को बुलाया गया था। बीते 20 दिनों से यह टीम नगर के विभिन्न मोहल्लों में अभियान चलाकर बड़ी संख्या में बंदरों को पकड़ चुकी है, जिन्हें सुरक्षित रूप से जंगलों में छोड़ा जा रहा है।नगर पालिका प्रशासन ने बताया कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा ताकि नगरवासियों को बंदरों के आतंक से स्थायी राहत मिल सके।

Read More