दिनांक:30/12/2025
रिपोर्ट by: संवाददाता इस्तेकार चौधरी
हापुड़ में दर्दनाक सड़क हादसा: अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार की मौत, परिजनों में कोहराम।
हापुड़। जनपद हापुड़ के कोतवाली पिलखुवा क्षेत्र से एक हृदयविदारक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। यहां अज्ञात वाहन की टक्कर से एक बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसकी उपचार के दौरान मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है और मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।मृतक की पहचान विश्वनाथ प्रताप सिंह (32 वर्ष), पुत्र उदय सिंह, निवासी सुखलाल की मदैया, सफी की मस्जिद, पिलखुवा के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार यह हादसा पिलर नंबर 20 के पास हुआ, जहां किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को तेज रफ्तार में टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि विश्वनाथ प्रताप सिंह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। जैसे ही घटना की सूचना परिजनों को मिली, परिवार में चीख-पुकार मच गई।बताया जा रहा है कि मृतक नगर निगम में सुपरवाइजर के पद पर कार्यरत थे। उनकी असमय मौत से परिजनों के साथ-साथ सहकर्मियों में भी गहरा शोक है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अज्ञात वाहन की पहचान और तलाश की जा रही है तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।वहीं, परिजनों ने प्रशासन से दोषी वाहन चालक को जल्द गिरफ्तार कर उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।





