दिनांक:30/12/2025
रिपोर्ट by: संवादाता इस्तेकार चौधरी
पिलखुवा थाना क्षेत्र में कबाड़ में लगी भीषण आग, फायर ब्रिगेड की तत्परता से टला बड़ा हादसा।
हापुड़ उत्तर प्रदेश के जनपद हापुड़ के थाना पिलखुवा क्षेत्र अंतर्गत रिलायंस रोड पर मंगलवार, 30 दिसंबर 2025 को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक चारदीवारी के भीतर रखे कबाड़ में अचानक आग लग गई। आग लगने की सूचना फायर सर्विस को लगभग दोपहर 12:33 बजे प्राप्त हुई।सूचना मिलते ही फायर सर्विस पिलखुवा यूनिट ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बेहतर रिस्पॉन्स टाइम के साथ मौके पर पहुंचकर तत्काल अग्निशमन कार्य शुरू किया। घटनास्थल पर देखा गया कि जूते की कतरन, गत्ते की कतरन, प्लास्टिक एवं अन्य ज्वलनशील कबाड़ में आग तेजी से फैल चुकी थी।

आग के कारण उठ रहे काले और तीखे धुएं से आसपास के आवासीय भवनों में रह रहे लोगों को सांस लेने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए फायर कर्मियों ने मोटर फायर इंजन की होजरील खोलकर आग पर काबू पाने का प्रयास तेज कर दिया।आग के फैलाव को देखते हुए यूपीएसआईडीसी एमजी रोड स्थित फायर स्टेशन को भी सूचित किया गया, जहां से एक अतिरिक्त अग्निशमन वाहन तत्काल मौके पर पहुंचा और राहत कार्य में सहयोग किया। पानी समाप्त होने पर फायर इंजन को पुनः भरवाकर लाया गया और लगातार प्रयासों के बाद दोनों फायर यूनिटों की संयुक्त कार्रवाई से आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।

इस अग्निकांड में किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, जिससे स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली। फायर विभाग द्वारा आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है तथा घटना से संबंधित समस्त विवरण विभागीय रिपोर्ट में दर्ज किया जा रहा है।





