दिनांक:05/02/2026
रिपोर्ट by: संवादाता इस्तेकार चौधरी
पिलखुवा में अतिक्रमण पर पुलिस का सख्त एक्शन, कोतवाली प्रभारी ने चलाया विशेष अभियान।
जनपद हापुड़ के पिलखुवा कोतवाली क्षेत्र में अतिक्रमण के खिलाफ पुलिस प्रशासन ने सख्त रुख अपना लिया है। कार्यभार संभालने के बाद पिलखुवा कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मनीष चौहान ने पुलिस बल के साथ बाजार क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाकर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की।
अभियान के दौरान सड़क किनारे और दुकानों के बाहर किए गए अवैध अतिक्रमण को हटवाया गया। इस मौके पर व्यापारियों और दुकानदारों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि भविष्य में यदि किसी प्रकार का अतिक्रमण पाया गया तो सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मनीष चौहान ने बताया कि अतिक्रमण के चलते बाजारों में यातायात व्यवस्था प्रभावित होती है, जिससे आम नागरिकों और वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। कई बार जाम की स्थिति भी उत्पन्न हो जाती है, जिसे देखते हुए यह अभियान चलाया गया है।उन्होंने कहा कि जनहित और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह गंभीर है और अतिक्रमण किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस की इस कार्रवाई से बाजार क्षेत्र में व्यवस्था सुधरने की उम्मीद जताई जा रही है। प्रशासन ने आम जनता और व्यापारियों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि सभी लोग नियमों का पालन करें और शहर को जाम मुक्त बनाने में मदद करें।




