दिनांक:22/02/2026
रिपोर्ट by: संवादाता इस्तेकार चौधरी
धौलाना इंडस्ट्रियल एरिया में भीषण आग, प्लास्टिक बोरा फैक्ट्री में लाखों का माल जलकर खाक।
स्थान – धौलाना, जनपद हापुड़ (उ.प्र.)
जनपद हापुड़ के थाना धौलाना क्षेत्र स्थित औद्योगिक क्षेत्र फेस-2 में रविवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब प्लास्टिक के कट्टे (बोरे) बनाने वाली एक फैक्ट्री में अचानक भीषण आग भड़क उठी। आग लगते ही फैक्ट्री परिसर में हड़कंप मच गया और आसपास की इकाइयों में भी दहशत का माहौल बन गया।

मसूरी-गुलावठी रोड स्थित इंडस्ट्रियल एरिया में संचालित इस फैक्ट्री में घटना के समय कई कर्मचारी काम कर रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार फैक्ट्री से अचानक धुएं का घना गुबार और ऊंची लपटें उठती दिखाई दीं। स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए कर्मचारियों ने तुरंत बाहर निकलकर अपनी जान बचाई।

कुछ ही मिनटों में आग ने फैक्ट्री के भीतर रखे प्लास्टिक के कच्चे माल और तैयार माल को अपनी चपेट में ले लिया। प्लास्टिक सामग्री अधिक मात्रा में होने के कारण आग तेजी से फैलती चली गई, जिससे हालात और भी विकराल हो गए।सूचना मिलते ही दमकल विभाग की चार गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया। संकरी गली और ज्वलनशील सामग्री की अधिकता के चलते दमकल कर्मियों को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। साथ ही आसपास की फैक्ट्रियों को सतर्क कर एहतियाती कदम उठाए गए, ताकि आग अन्य इकाइयों तक न फैल सके।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार इस घटना में किसी जनहानि की सूचना नहीं है, हालांकि लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। आग लगने के कारणों का फिलहाल स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पुलिस और अग्निशमन विभाग संयुक्त रूप से मामले की जांच में जुटे हैं।

स्थानीय प्रशासन ने एहतियातन क्षेत्र की घेराबंदी कर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। आग पर पूरी तरह नियंत्रण पाने के प्रयास जारी हैं।


स्टार भारत न्यूज़ 24 की रिपोर्ट।




