दिनांक:25/02/2026
रिपोर्ट by: संवादाता शराफत सैफी
हापुड़ ब्रेकिंग: कोटला फूलगढ़ी के साप्ताहिक बाजार में जाम बना काल, 7 साल की बच्ची की दर्दनाक मौत।
हापुड़। कोटला फूलगढ़ी में हर बुधवार को लगने वाला साप्ताहिक बाजार (स्थानीय भाषा में ‘पेंट’) इस बार एक परिवार के लिए दर्दनाक साबित हुआ। सात वर्षीय मासूम बच्ची इंशा की अचानक तबीयत बिगड़ गई, लेकिन बाजार के चलते लगे भीषण जाम के कारण समय पर इलाज नहीं मिल सका और रास्ते में ही बच्ची ने दम तोड़ दिया।

बताया जा रहा है कि बुधवार को बाजार लगने की वजह से क्षेत्र में भारी भीड़ और वाहनों की लंबी कतारें लगी हुई थीं। इसी दौरान इंशा की तबीयत अचानक खराब हो गई। परिजन और आसपास के लोग उसे तत्काल अस्पताल ले जाने के लिए निकले, लेकिन जाम में फंस जाने के कारण वाहन आगे नहीं बढ़ सका।परिजनों ने काफी कोशिश की, लोगों से रास्ता देने की अपील भी की, मगर भीड़ और अव्यवस्थित यातायात के चलते कीमती समय निकलता चला गया। अस्पताल पहुंचने से पहले ही मासूम की सांसें थम गईं।

घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि हर बुधवार को बाजार के दौरान सड़क पर अतिक्रमण और अव्यवस्थित पार्किंग के कारण जाम की समस्या आम हो गई है। कई बार प्रशासन से शिकायत की गई, लेकिन स्थायी समाधान नहीं निकल सका।

ग्रामीणों ने मांग की है कि साप्ताहिक बाजार के दिन यातायात की समुचित व्यवस्था की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी दुखद घटनाएं दोबारा न हों।यह हादसा एक बार फिर सवाल खड़ा करता है कि भीड़भाड़ वाले आयोजनों के दौरान आपातकालीन सेवाओं के लिए रास्ता सुनिश्चित करना कितना जरूरी है।



स्टार भारत न्यूज़ 24 की रिपोर्ट।




