दिनांक:25/02/2026
रिपोर्ट by: संवाददाता जगदीश माकन
हापुड़: ‘यादव जी की लव स्टोरी’ फिल्म पर रोक की मांग, अखिल भारत वर्षीय यादव महासभा ने डीएम को सौंपा ज्ञापन।
अखिल भारत वर्षीय यादव महासभा के जिला अध्यक्ष अबंरीश यादव के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने हापुड़ में माननीय जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर प्रस्तावित फिल्म “यादव जी की लव स्टोरी” पर रोक लगाने की मांग की है। संगठन का कहना है कि किसी भी विशेष जाति का नाम सीधे तौर पर फिल्म के शीर्षक या कथानक से जोड़ना सामाजिक सौहार्द के लिए उचित नहीं है।

प्रतिनिधियों ने ज्ञापन में उल्लेख किया कि किसी जाति या धर्म को केंद्र में रखकर बनाई जाने वाली फिल्मों से प्रदेश के शांत वातावरण पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। उनका कहना है कि समाज में भाईचारे और सद्भाव को बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है, ऐसे में किसी भी वर्ग विशेष की भावनाओं को आहत करने वाली सामग्री पर प्रशासन को गंभीरता से विचार करना चाहिए।

जिला अध्यक्ष अबंरीश यादव ने कहा कि यदि फिल्म के माध्यम से किसी समुदाय की छवि को नकारात्मक रूप में प्रस्तुत किया जाता है तो इससे सामाजिक असंतोष की स्थिति बन सकती है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि फिल्म की सामग्री की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

ज्ञापन देने वालों में मनोज यादव, अनु यादव, बलवीर सिंह यादव, यशी यादव, रेशमा यादव, सोनू यादव, रवि यादव, साहब सिंह यादव, राजेश यादव, प्रवीण यादव, मुनि यादव, राजू यादव और राजपाल यादव सहित अन्य पदाधिकारी व सदस्य उपस्थित रहे।

प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन से शीघ्र निर्णय लेकर प्रदेश में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है।





