दिनांक:25/02/2026
रिपोर्ट by: संवादाता जगदीश माकन
हापुड़: शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद पर FIR के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन, एसडीएम को सौंपा ज्ञापन।
हापुड़ में जिला व शहर कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों ने बुधवार को नगरपालिका परिषद स्थित धरना स्थल पर एकत्र होकर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के जिलाध्यक्ष राकेश त्यागी और शहर अध्यक्ष इरफान अहमद ने संयुक्त रूप से किया।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ज्योर्तिमठ के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती तथा उनके शिष्यों पर दर्ज की गई FIR के विरोध में नारेबाजी की। इसके बाद प्रतिनिधिमंडल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को संबोधित ज्ञापन उपजिलाधिकारी ईला प्रकाश को सौंपा।ज्ञापन सौंपते हुए जिलाध्यक्ष राकेश त्यागी ने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार आलोचनात्मक आवाज़ों को दबाने का प्रयास कर रही है। उनका कहना था कि शंकराचार्य को अनावश्यक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है और पूरे मामले की निष्पक्ष व उच्च स्तरीय जांच कराई जानी चाहिए।

शहर अध्यक्ष इरफान अहमद ने कहा कि धार्मिक पदों पर आसीन व्यक्तियों की गरिमा बनाए रखना सरकार की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि यदि निष्पक्ष जांच नहीं हुई तो कांग्रेस कार्यकर्ता लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन तेज करेंगे।पूर्व शहर अध्यक्ष दिनेश चंद शर्मा ने भी मामले में पारदर्शी जांच की मांग करते हुए कहा कि करोड़ों श्रद्धालुओं की भावनाएं इससे जुड़ी हैं, इसलिए प्रशासन को संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई करनी चाहिए।

कांग्रेस नेताओं ने ज्ञापन के माध्यम से मांग की कि पूरे प्रकरण की उच्च स्तरीय जांच कराई जाए और निष्पक्ष न्याय सुनिश्चित किया जाए।इस दौरान पिलखुआ नगर अध्यक्ष रजनीश त्यागी, पूर्व जिलाध्यक्ष सैय्यद अयाजुद्दीन, नरेश भाटी, रघुवीर सिंह एडवोकेट, पदम सिंह साहनी, रामप्रसाद जाटव, गौरव गर्ग, बिजेंद्र त्यागी, जितेंद्र नागर सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


स्टार भारत न्यूज़ 24 की रिपोर्ट।




