हापुड़: ‘यादव जी की लव स्टोरी’ के प्रसारण पर सपा जिलाध्यक्ष का विरोध, डीएम से रोक लगाने की मांग।

SHARE:

दिनांक:25/02/2026

रिपोर्ट by: संवादाता जगदीश माकन

हापुड़: ‘यादव जी की लव स्टोरी’ के प्रसारण पर सपा जिलाध्यक्ष का विरोध, डीएम से रोक लगाने की मांग।

हापुड़ जनपद में प्रस्तावित फिल्म “यादव जी की लव स्टोरी” के प्रदर्शन और प्रसारण को लेकर राजनीतिक बयानबाज़ी तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष आनंद गुर्जर ने अखिल भारतीय यदुवंशी महासभा द्वारा फिल्म पर रोक लगाने की मांग का समर्थन करते हुए जिलाधिकारी से जनपद में इसके प्रसारण पर प्रतिबंध लगाने की अपील की है।

आनंद गुर्जर ने कहा कि किसी भी समुदाय विशेष को केंद्र में रखकर बनाई गई फिल्म यदि समाज में वैमनस्य या गलत संदेश फैलाने का कारण बनती है तो उस पर प्रशासन को गंभीरता से विचार करना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनावी माहौल को देखते हुए कुछ मुद्दों को हवा दी जा रही है, जिससे सामाजिक सौहार्द प्रभावित हो सकता है।

सपा जिलाध्यक्ष का कहना है कि फिल्म की कहानी और प्रस्तुति से यादव एवं मुस्लिम समाज की छवि प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है, जिससे दोनों समुदायों में नाराज़गी देखी जा रही है। उन्होंने प्रशासन से फिल्म की सामग्री की समीक्षा कर शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की।

इस दौरान अख्तर मलिक, अय्यूब सिद्दीकी, कम्मल मंसूरी, पुरुषोत्तम वर्मा एडवोकेट, राजेश यादव, वसीम मेवाती, युधिष्ठिर यादव, रेशमा यादव, मनु चौधरी, अंजू सिंह, यशी यादव, अशोक यादव, संजय यादव सहित अन्य लोग मौजूद रहे।सपा नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि फिल्म का प्रसारण जनपद में हुआ और उससे कानून-व्यवस्था की स्थिति प्रभावित होती है, तो इसकी जिम्मेदारी प्रदेश सरकार की होगी। उन्होंने प्रशासन से निष्पक्ष निर्णय लेते हुए जनभावनाओं का सम्मान करने की अपील की है।