दिनांक:25/02/2026
रिपोर्ट by: संवादाता कमलेश कुमार
हरदोई में ट्रैक्टर-ट्रॉली चोरी का 24 घंटे में खुलासा, एक आरोपी गिरफ्तार, बाल अपचारी संरक्षण में।
हरदोई। कोतवाली शहर क्षेत्र में ट्रैक्टर-ट्रॉली चोरी की घटना का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मामले में शामिल एक बाल अपचारी को विधिक प्रावधानों के तहत संरक्षण में लिया गया है।

जानकारी के अनुसार 24 फरवरी 2026 को कोतवाली शहर थाने में विमलेश कुमार गुप्ता ने शिकायत दर्ज कराई थी कि अज्ञात व्यक्ति उनका ट्रैक्टर-ट्रॉली चोरी कर ले गए हैं। तहरीर के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 303(2) के तहत मुकदमा संख्या 132/26 पंजीकृत किया। जांच के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर धारा 317(2) की बढ़ोतरी भी की गई।मामले के खुलासे के लिए लखनऊ चुंगी पुलिस चौकी प्रभारी वासु सिंह के नेतृत्व में टीम गठित की गई। पुलिस ने सर्विलांस टीम और स्थानीय सूचना तंत्र की मदद से संदिग्धों की तलाश शुरू की। जांच के दौरान मिले सुराग के आधार पर पुलिस ने सत्यम पुत्र प्रेमपाल वर्मा निवासी आशानगर, कोतवाली शहर, हरदोई को चोरी की गई ट्रैक्टर-ट्रॉली के साथ गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपी ने एक बाल अपचारी की संलिप्तता स्वीकार की, जिसके बाद उसे नियमानुसार बाल संरक्षण की प्रक्रिया के तहत अभिरक्षा में लिया गया। बरामद ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।कार्रवाई में उपनिरीक्षक वासु कुमार, हेड कांस्टेबल बाबर अली, कांस्टेबल रांकु चौधरी और कांस्टेबल अभिषेक त्यागी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में चोरी और अन्य आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा और दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।





