दिनांक:25/02/2026
रिपोर्ट by: संवादाता कमलेश कुमार
हरदोई के शाहाबाद नगर पालिका के ईओ कार्यालय में बेहोश, हायर सेंटर रेफर।
हरदोई / शाहाबाद। नगर पालिका परिषद शाहाबाद के अधिशासी अधिकारी बुधवार दोपहर अपने कार्यालय में अचानक बेहोश हो गए, जिससे पालिका परिसर में अफरा-तफरी मच गई। कर्मचारियों ने उन्हें तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।

बताया जा रहा है कि हाल के दिनों में आउटसोर्सिंग कर्मचारियों के वेतन भुगतान और न्यायालयी आदेशों को लेकर अधिशासी अधिकारी पर लगातार दबाव बना हुआ था। इससे पहले पालिका प्रशासन द्वारा आउटसोर्सिंग ठेके से जुड़ी फर्मों को ब्लैकलिस्ट किए जाने के बाद कर्मचारियों का वेतन रुक गया था। वेतन न मिलने से नाराज कर्मचारियों ने अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी थी, जिसके चलते नगर में सफाई व्यवस्था प्रभावित हुई।करीब आठ दिन बाद कर्मचारियों को दो माह का वेतन देने के आश्वासन पर हड़ताल समाप्त हुई। इस संबंध में पालिका प्रशासन और कर्मचारियों के बीच लिखित सहमति भी बनी थी। इसी बीच आउटसोर्सिंग से जुड़े मामले में उच्च न्यायालय ने यथास्थिति बनाए रखने के निर्देश देते हुए अधिशासी अधिकारी को 15 दिनों के भीतर जवाब दाखिल करने को कहा था।

सूत्रों के अनुसार, वेतन भुगतान और न्यायालयी प्रक्रिया को लेकर बढ़ते कार्यभार के बीच बुधवार दोपहर लगभग 12 बजे अधिशासी अधिकारी अचानक अचेत हो गए। तत्काल उन्हें सीएचसी ले जाया गया, जहां से चिकित्सकों ने बेहतर उपचार के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया।नगर पालिका कर्मियों और स्थानीय लोगों ने उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।





