दिनांक:26/02/2026
रिपोर्ट by: संवादाता कमलेश कुमार
सीएसएन पीजी कॉलेज की हीरक जयंती में डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने भरी नई ऊर्जा।
हरदोई। शहर के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान सीएसएन पीजी कॉलेज की हीरक जयंती समारोह का समापन गरिमामय वातावरण में हुआ। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।मंच पर पहुंचते ही उन्होंने औपचारिक भाषण के बजाय हरदोई की स्थानीय बोली में संवाद शुरू किया, जिससे छात्र-छात्राओं में उत्साह और आत्मीयता का माहौल बन गया। उन्होंने अपने छात्र जीवन की स्मृतियां साझा करते हुए कहा कि समय भले बदल गया हो, लेकिन हरदोई की पहचान और अपनापन आज भी वैसा ही है।

डिप्टी सीएम ने कॉलेज के संस्थापक और स्वतंत्रता संग्राम सेनानी मोहनलाल वर्मा को श्रद्धापूर्वक नमन किया। उन्होंने बताया कि उनका परिवार वर्षों से वर्मा परिवार के संपर्क में रहा है और बचपन में वे अपने पिता के साथ इस परिसर में आया करते थे।उन्होंने पुराने समय की परिवहन और बिजली व्यवस्था की चुनौतियों का जिक्र करते हुए कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद शिक्षा के प्रति विद्यार्थियों की लगन कम नहीं थी।ग्रामीण अंचलों से आए विद्यार्थियों का उल्लेख करते हुए उन्होंने दलेलनगर, बावन, बालामऊ और कछौना के छात्रों की सराहना की और उन्हें मन लगाकर पढ़ाई करने, शिक्षकों से संवाद बनाए रखने तथा सकारात्मक सोच के साथ लक्ष्य की ओर बढ़ने का संदेश दिया।

अपने संबोधन में उन्होंने संत कवि सूरदास, कबीर और रहीम के दोहों का उल्लेख करते हुए नैतिक मूल्यों को जीवन में अपनाने की प्रेरणा दी। साथ ही महान क्रांतिकारी चंद्रशेखर आजाद को स्मरण करते हुए युवाओं से उनके आदर्शों पर चलने का आह्वान किया।समारोह के अंत में मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में एमएलसी संतोष सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष त्र्यंबक त्रिपाठी, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रेमावती वर्मा और प्राचार्य कौशलेंद्र सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि, शिक्षक और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।हीरक जयंती समारोह ने जहां पुराने दिनों की यादें ताज़ा कीं, वहीं युवाओं को सकारात्मक सोच और लक्ष्य के प्रति समर्पण का संदेश भी दिया।




स्टार भारत न्यूज़ 24 की रिपोर्ट।




