दिनांक:26/02/2026
रिपोर्ट by: संवादाता कमलेश कुमार
बाल श्रम उन्मूलन पर सख्त निर्देश: चिन्हित बच्चों को सरकारी योजनाओं से जोड़ा जाए – जिलाधिकारी।
हरदोई। कलेक्ट्रेट स्थित स्वामी विवेकानन्द सभागार में जिलाधिकारी अनुनय झा की अध्यक्षता में जिला टास्क फोर्स एवं बाल श्रम उन्मूलन जनपद समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद से बाल श्रम समाप्त करने के लिए ठोस कार्ययोजना पर चर्चा हुई।जिलाधिकारी ने सहायक श्रमायुक्त को निर्देशित किया कि ईंट भट्ठों, होटलों, रेस्टोरेंट, फैक्ट्रियों सहित अन्य संभावित स्थलों पर नियमित छापेमारी की जाए और बाल श्रमिकों को तत्काल मुक्त कराया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि चिन्हित बच्चों को सरकार द्वारा संचालित सभी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाना सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने निर्देश दिए कि ऐसे बच्चों को ‘बाल सेवा योजना’ से जोड़ा जाए तथा बालिकाओं का प्रवेश कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय में कराया जाए, ताकि उनकी शिक्षा बाधित न हो। साथ ही परिवारों की आर्थिक स्थिति को ध्यान में रखते हुए उन्हें राशन कार्ड, उज्ज्वला योजना और अन्य आवश्यक योजनाओं से लाभान्वित करने की कार्यवाही की जाए।

जिलाधिकारी ने विशेष रूप से 14 से 18 वर्ष आयु वर्ग के किशोरों पर ध्यान देने को कहा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि इस आयु वर्ग के बच्चों को खतरनाक कार्यों से दूर रखने के लिए जागरूकता अभियान चलाया जाए और अभिभावकों को शिक्षित कर बाल श्रम न कराने के लिए प्रेरित किया जाए।बैठक में सहायक श्रमायुक्त सत्यवीर सिंह, परियोजना निदेशक डीआरडीए अशोक कुमार मौर्य, जिला प्रोबेशन अधिकारी संजय कुमार निगम, समिति सदस्य शत्रुघ्न द्विवेदी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक में सभी सदस्यों ने बाल श्रम उन्मूलन के लिए समन्वित प्रयास और सख्त कार्रवाई पर जोर दिया। जिलाधिकारी ने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता है कि हर बच्चे को शिक्षा, सुरक्षा और सम्मानजनक जीवन का अधिकार मिले।





