हीरक जयंती समारोह में शामिल हुए डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक, छात्रों को दिए सफलता के मंत्र।

SHARE:

दिनांक:26/02/2026

रिपोर्ट by: संवादाता पुनीत कुमार शुक्ला

हीरक जयंती समारोह में शामिल हुए डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक, छात्रों को दिए सफलता के मंत्र।

हरदोई।शहर के प्रतिष्ठित सीएसएन पीजी कॉलेज की हीरक जयंती समारोह का समापन बुधवार को गरिमामय वातावरण में हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने सहभागिता करते हुए छात्रों को शिक्षा, संस्कार और सकारात्मक सोच का संदेश दिया।

मंच पर पहुंचते ही उप मुख्यमंत्री ने औपचारिक भाषण देने के बजाय हरदोई की स्थानीय बोली में संवाद शुरू किया, जिससे सभागार में उत्साह और अपनत्व का माहौल बन गया। उन्होंने अपने छात्र जीवन की यादों को साझा करते हुए कहा कि समय के साथ संसाधनों और सुविधाओं में बड़ा बदलाव आया है, लेकिन हरदोई की आत्मीयता और सांस्कृतिक पहचान आज भी बरकरार है।

उन्होंने कॉलेज के संस्थापक एवं स्वतंत्रता संग्राम सेनानी मोहनलाल वर्मा को श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए कहा कि उनका परिवार लंबे समय से वर्मा परिवार से जुड़ा रहा है। उन्होंने बताया कि बचपन में वे अपने पिता के साथ इस परिसर में आया करते थे। उस समय परिवहन और बिजली जैसी मूलभूत सुविधाएं सीमित थीं, लेकिन शिक्षा के प्रति लोगों का समर्पण और उत्साह कम नहीं था।डिप्टी सीएम ने विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों से आए विद्यार्थियों का उल्लेख करते हुए उन्हें परिश्रम, अनुशासन और निरंतर सीखने की प्रेरणा दी।

उन्होंने छात्रों से कहा कि वे अपने शिक्षकों से संवाद बनाए रखें और सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ें।अपने संबोधन में उन्होंने संत कवि सूरदास, कबीर और अब्दुर्रहीम खानखाना के प्रेरणादायक दोहों का उल्लेख करते हुए जीवन में नैतिक मूल्यों को अपनाने पर जोर दिया। साथ ही महान क्रांतिकारी चंद्रशेखर आजाद को स्मरण करते हुए युवाओं से उनके आदर्शों पर चलने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर एमएलसी संतोष सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष त्र्यंबक त्रिपाठी, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रेमावती वर्मा, प्राचार्य कौशलेंद्र सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि, शिक्षक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।