हरदोई | अपराध नियंत्रण को लेकर एएसपी पूर्वी ने ग्राम सुरक्षा समिति के साथ रात्रि चौपाल की।

SHARE:

दिनांक:19/12/2025

रिपोर्ट by: क्राइम ब्यूरो चीफ़ पुनीत कुमार शुक्ला 

हरदोई | अपराध नियंत्रण को लेकर एएसपी पूर्वी ने ग्राम सुरक्षा समिति के साथ रात्रि चौपाल की।

हरदोई।सर्दियों के मौसम में जनपद में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी श्री सुबोध गौतम द्वारा कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के ग्राम पोखरी में ग्राम सुरक्षा समिति के सदस्यों के साथ रात्रि चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण स्तर पर अपराध नियंत्रण, जनजागरूकता और पुलिस-जन संवाद को मजबूत करना रहा।

रात्रि चौपाल के दौरान “हम सबकी निगरानी, गांव की जिम्मेदारी” की भावना के तहत सड़क सुरक्षा, मिशन शक्ति, साइबर अपराध की रोकथाम तथा संदिग्ध व्यक्तियों पर निगरानी जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। पुलिस अधीक्षक श्री अशोक कुमार मीणा के मार्गदर्शन में आयोजित इस चौपाल में एएसपी पूर्वी ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं।

चौपाल में अपराध की रोकथाम के लिए प्रभावी उपायों पर विचार-विमर्श किया गया। सरकार द्वारा संचालित मिशन शक्ति फेज-5 के अंतर्गत महिलाओं और बच्चों को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों एवं आपात स्थिति में पुलिस सहायता से जुड़ी जानकारी दी गई।

एएसपी पूर्वी श्री गौतम ने बच्चों से संवाद कर उनके मन में पुलिस को लेकर व्याप्त भय को दूर करने का प्रयास किया और उन्हें आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक गांव के प्रवेश मार्गों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने से अपराधों पर काफी हद तक अंकुश लगाया जा सकता है।उन्होंने ग्राम सुरक्षा समितियों को सक्रिय रखने, पुलिस और आमजन के बीच विश्वास बढ़ाने, साइबर सुरक्षा, सड़क सुरक्षा, नशामुक्त समाज और बच्चों की शिक्षा पर विशेष ध्यान देने की अपील की। चौपाल के दौरान ग्रामीणों द्वारा दिए गए सुझावों को भी गंभीरता से सुना गया और उन पर विचार कर यथासंभव क्रियान्वयन का भरोसा दिलाया गया।कार्यक्रम में ग्रामीणजन, ग्राम सुरक्षा समिति के सदस्य एवं संबंधित पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।

Read More