दिनांक:21/12/2025
रिपोर्ट by:ब्यूरो चीफ़ बिष्णुकान्त बाजपेई
शटर काटकर चोरी करने वाले गिरोह के 3 शातिर को सवायजपुर पुलिस ने मुठभेड़ में किया गिरफ्तार, दो घायल।
सवायजपुर, हरदोई। अपराध नियंत्रण और चोरी की घटनाओं में वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना सवायजपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। शटर काटकर दुकानों में चोरी करने वाले गिरोह के तीन शातिर अभियुक्तों को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ में दो अभियुक्तों के पैर में गोली लगी है, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। यह तीनों लोनार थाना क्षेत्र से भागे थे, इनके दो साथियों को लोनार पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था।

सीओ हरपालपुर सत्येंद्र सिंह के अनुसार सवायजपुर क्षेत्र में बीती रात मत्तीपुर पुलिया पर संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों की सघन चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान रविवार भोर पहर तीन संदिग्ध व्यक्ति आते दिखाई दिए, पुलिस टीम द्वारा रुकने का इशारा करने पर उन्होंने भागने का प्रयास किया और खुद को घिरा देख पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने आत्मरक्षा में फायरिंग की, जिसमें दो अभियुक्तों के बाएं पैर में गोली लग गई। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान देवी पुत्र स्व. लालता निवासी ग्राम मिलकिया थाना निगोही जनपद शाहजहांपुर, भूपराम पुत्र बिजेंद्र निवासी ग्राम रमपुरा थाना पसगवां जनपद लखीमपुर खीरी तथा हरिराम पुत्र माधव निवासी ग्राम मिलकिया थाना निगोही जनपद शाहजहांपुर के रूप में हुई है।

पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से कुल 56 हजार रुपये नकद, तीन तमंचे 315 बोर, तीन जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस और शटर काटने के उपकरण (बोल्ट कटर, प्लास, पेचकस, बेलचा) बरामद किए हैं। सीओ ने बताया कि तीनों अभियुक्त लोनार थाना क्षेत्र से भागे थे, इनके दो साथियों बिजेन्द्र पुत्र स्व. रामलाल निवासी रमपुरा, थाना पसगवां जनपद लखीमपुर खीरी, नेत्रपाल पुत्र लक्ष्मण उर्फ बाबा निवासी ग्राम मिलकिया थाना निगोही जनपद शाहजहांपुर को गिरफ्तार किया था।

पूछताछ में अभियुक्तों ने खुलासा किया कि वे दिन में दुकानों की रेकी करते थे और रात के समय मौका पाकर शटर व ताले काटकर चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। अभियुक्तों ने सवायजपुर, लोनार और बेहटा गोकुल थाना क्षेत्रों में कई दुकानों में चोरी की घटनाएं कारित करना स्वीकार किया है।घायल अभियुक्तों को उपचार के लिए चिकित्सालय भेज दिया गया है। पुलिस द्वारा मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।




