दिनांक:21/12/2025
रिपोर्ट by: जिला संवादाता मोहसिन खान
बुलंदशहर में 50 हजार का इनामी लुटेरा पुलिस मुठभेड़ में ढेर, 47 मुकदमों में था वांछित।
उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जनपद में पुलिस और बदमाश के बीच हुई मुठभेड़ में 50 हजार रुपये का इनामी लुटेरा आज़ाद मारा गया। मुठभेड़ कोतवाली देहात क्षेत्र के शेल्टन बम्बे के पास हुई, जहां बाइक सवार बदमाश को पुलिस ने घेर लिया था।मृतक लुटेरा आज़ाद, निवासी मेरठ, बुलंदशहर कोतवाली देहात क्षेत्र में हुई लूट की घटना में वांछित चल रहा था। पुलिस के अनुसार, कोतवाली देहात और गुलावठी थाना पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा चेकिंग के दौरान संदिग्ध बाइक सवार को रोकने का प्रयास किया गया, जिस पर बदमाश ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी।

जवाबी कार्रवाई में बदमाश आज़ाद गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।पुलिस ने बदमाश के कब्जे से एक तमंचा, कारतूस और एक खोखा बरामद किया है। मुठभेड़ के दौरान उसका एक साथी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, मारा गया बदमाश आज़ाद यूपी के विभिन्न जनपदों के थानों में लूट, चोरी और डकैती के कुल 47 मुकदमों में नामजद था और लंबे समय से पुलिस को उसकी तलाश थी।फिलहाल पुलिस मौके पर कानून व्यवस्था बनाए हुए है और फरार बदमाश की गिरफ्तारी के लिए सघन अभियान चलाया जा रहा है।





